मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती पर व्याख्यानमाला संपन्न, ‘‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान’’ का हुआ शुभारंभ,

सीधी।, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में भव्य व्याख्यानमाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर जिले भर में 12 जनवरी से 26 जनवरी तक चलने वाले ‘‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान’’ का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ ग्राम स्तर पर विकास, जनजागरूकता और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू सिंह, अध्यक्ष जिला पंचायत रहीं, जबकि अध्यक्षता कृष्णकांत द्विवेदी, सदस्य शासी निकाय (संभाग रीवा) ने की। विशिष्ट अतिथि प्रवीण पाठक, संभाग समन्वयक जन अभियान परिषद् रीवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
मेधावी छात्र-छात्राओं और परामर्शदाताओं का सम्मान,
इस अवसर पर जिले की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, सीएमसीएलडीपी अंतर्गत बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके परामर्शदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।
स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी प्रासंगिक – मंजू सिंह
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और उनके विचार समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
आत्मविश्वास और साहस ही सफलता की कुंजी – कृष्णकांत द्विवेदी
शासी निकाय सदस्य कृष्णकांत द्विवेदी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद को जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन भारत भूमि की आध्यात्मिक शक्ति और उनके आत्मविश्वास ने उन्हें महान बनाया। उन्होंने युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में भी साहस और आत्मबल बनाए रखने की प्रेरणा दी।
ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान से विकास को मिलेगी गति – प्रवीण पाठक,
संभाग समन्वयक प्रवीण पाठक ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन भले ही अल्पकालिक रहा हो, लेकिन उनके कार्य और विचार समाज और विश्व के लिए अमर हैं। उन्होंने बताया कि ‘‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान’’ के तहत जिले के विकासखंड, सेक्टर और ग्राम स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य जन जागरूकता बढ़ाना और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाना है।
समन्वय से ही अभियान होगा सफल,
विकासखंड समन्वयक आनंद पाण्डेय ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए प्रस्फुटन समिति, नवांकुर और परामर्शदाताओं के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। वहीं विकासखंड समन्वयक अनिल पाठक एवं रजनीश मिश्र ने कहा कि 12 जनवरी से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाले ग्रामोत्सव में सभी की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है तथा ग्राम व सेक्टर स्तर पर आम जनता को शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक करना सभी की जिम्मेदारी है।
बड़ी संख्या में गणमान्यजन रहे उपस्थित,
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद् के विकासखंड समन्वयक अनिल पाठक, आनंद पाण्डेय, रजनीश मिश्र, डाटा एंट्री ऑपरेटर रामजी तिवारी, लिपिक जैवेंद्र सिंह, परामर्शदाता अमित कुमार गौतम, अजीत वर्मा, पूजा पाण्डेय, मंच संचालक अवनीश शुक्ला, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, नवांकुर पदाधिकारी, स्वयंसेवी संस्था प्रतिनिधि, समाजसेवी, सभी विकासखंडों के परामर्शदाता एवं सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने और ‘‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान’’ को जन आंदोलन बनाने के संकल्प के साथ हुआ।