सिंगरौली जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुली, HRD व मीडिया ने किया निरीक्षण

0 9,640


सिंगरौली। मानवाधिकार संरक्षण संगठन (HRD) के मध्यप्रदेश प्रदेश अध्यक्ष आरसी तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष (नियुक्ति प्रभारी) डीडी चतुर्वेदी, प्रदेश मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र पाराशर, सिंगरौली जिला अध्यक्ष विनय द्विवेदी, जिला प्रभारी सुनील द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष निलेश तिवारी, जिला टीम के सदस्य, इंडिया न्यूज चैनल व नक्षत्र न्यूज चैनल के स्टेट हेड तथा क्षेत्रीय पत्रकारों द्वारा सिंगरौली जिले के तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान जिला स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर खामियां उजागर हुईं।


भ्रमण के पहले दिन बैढ़न स्थित जिला चिकित्सालय एवं ट्रॉमा सेंटर में दोपहर करीब 12:20 बजे निरीक्षण के दौरान अधिकांश ओपीडी में डॉक्टर नदारद पाए गए। कई ओपीडी के बाहर कुर्सियां खाली थीं और मरीज इलाज के लिए परेशान होकर खड़े नजर आए। मौके पर मौजूद स्टाफ से डॉक्टरों की अनुपस्थिति को लेकर पूछताछ की गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।
निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना लागू होने के बावजूद उनसे इलाज के नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही है। एक्स-रे, सोनोग्राफी एवं दवाइयां बाहर से मंगवाने के नाम पर भी मरीजों से पैसे लिए जा रहे हैं। इन आरोपों की पुष्टि मरीजों व उनके गार्जियनों ने मीडिया और संगठन के सामने बयान देकर की।
इसके अलावा आयुष्मान योजना से संबद्ध साईं हॉस्पिटल एवं विंध्या हॉस्पिटल में भी आयुष्मान का लाभ होने के बावजूद मरीजों से नगद राशि लेने और साथ ही आयुष्मान के तहत भुगतान लेने की शिकायत सामने आई है। इस संबंध में कुछ वीडियो व फोटो साक्ष्य भी उपलब्ध बताए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संगठन द्वारा CMHO को मौखिक रूप से जानकारी दी गई तथा जिला कलेक्टर को भी पूरे हालात से अवगत कराया गया है। मानवाधिकार संरक्षण संगठन HRD ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो संगठन इस मुद्दे को अपने स्तर पर आगे बढ़ाने और कड़े कदम उठाने को मजबूर होगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment