बड़ी राहत: समाधान योजना का प्रथम चरण अब 31 जनवरी तक, पांढुरना के 10 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

संवाददाता- निलेश कलस्कर जिला ब्युरो चिफ
पांढुरना | 10 जनवरी 2026 मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के पांढुर्णा संभाग के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी है। विद्युत बिलों के लंबित भुगतान के लिए लागू की गई समाधान योजना 2025-26 के प्रथम चरण की अवधि को 31 दिसंबर 2025 से बढ़ाकर अब 31 जनवरी 2026 कर दिया गया है। इस योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को संचयी अधिभार (सरचार्ज) पर 60 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक की भारी छूट दी जा रही है।
10 हजार से अधिक उपभोक्ता पात्र
कार्यपालन अभियंता श्री वरुण सारस्वत ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संभाग के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के घरेलू, गैर-घरेलू, औद्योगिक और कृषि श्रेणी के कुल 10,842 उपभोक्ता इस योजना के दायरे में आते हैं। इन सभी पर कुल 2.32 करोड़ रुपये की बकाया राशि है। इसमें से अधिभार (इंटरेस्ट) की राशि लगभग 45.69 लाख रुपये है, जिस पर उपभोक्ताओं को छूट का लाभ मिलेगा।
अब तक का रिपोर्ट कार्ड
योजना के प्रति उपभोक्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। अब तक 2,954 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेते हुए 38.55 लाख रुपये जमा किए हैं, जिसके बदले उन्हें 3.46 लाख रुपये की छूट मिली है। संभाग के धनोरा, नांदनवाड़ी और पांढुर्णा शहर वितरण केंद्रों में सबसे ज्यादा उपभोक्ताओं ने अपने बिलों का निपटारा किया है।
प्रशासन की अपील
बकाया वसूली को प्रभावी बनाने के लिए विभाग ने कर्मचारियों को लक्ष्य भी सौंपे हैं। मुनादी, शिविर और व्यक्तिगत संपर्क के जरिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। पात्र उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली ऑफिस जाकर या विभाग की वेबसाइट के जरिए अपनी पात्रता चेक कर सकते हैं और इस छूट का फायदा उठा सकते हैं।