कड़ाके की ठंड और घने कोहरे में भी KG-1 से कक्षा 8 तक के बच्चों को नहीं मिल रहा अवकाश

0 344


मैहर
जिले में जारी कड़ाके की ठंड और देर तक छाए रहने वाले घने कोहरे के बावजूद KG-1 से कक्षा 8 तक के स्कूली बच्चों को अवकाश नहीं दिए जाने को लेकर अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों में रोष व्याप्त है। सुबह के समय तापमान अत्यधिक कम होने और कोहरा दोपहर 1 बजे तक बने रहने से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
मानवाधिकार संरक्षण संगठन मध्यप्रदेश के जिलाध्यक्ष आशुतोष दहायत ने मैहर कलेक्टर एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि छोटे बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कुछ दिनों के लिए KG-1 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों को शीतकालीन अवकाश दिया जाए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कई जिलों में मौसम की गंभीरता को देखते हुए पहले ही स्कूलों में छुट्टी घोषित की जा चुकी है, लेकिन मैहर में अब तक इस दिशा में कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने बताया कि अत्यधिक ठंड और कोहरे के कारण छोटे बच्चों में सर्दी, खांसी, बुखार सहित गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कुछ मामलों में बच्चों के लकवा जैसी समस्याओं से ग्रसित होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।
मानवाधिकार संगठन ने प्रशासन से आग्रह किया है कि मानवहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों को निर्देश जारी कर KG-1 से कक्षा 8 तक के बच्चों को अस्थायी अवकाश प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा आवश्यक है, लेकिन बच्चों का जीवन और स्वास्थ्य उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment