अवैध शराब की बिक्री रोकने में लापरवाही पर आबकारी इंस्पेक्टर पर गिरी गाज

0 29

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाने पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट के बिस्मिल सभागार में सीएम डैशबोर्ड, कानून व्यवस्था, नारकोटिक्स, आबकारी और अभियोजन विभाग की समीक्षा के दौरान कलान क्षेत्र में अवैध मदिरा की बिक्री को लेकर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई गई।

 

जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित आबकारी इंस्पेक्टर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के साथ इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।

 

बैठक में नारकोटिक्स से जुड़े मामलों की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने को कहा।

 

अभियोजन कार्यों की समीक्षा के दौरान लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया गया।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment