मड़वास थाने का कांग्रेस ने किया घेराव, राज्यपाल के नाम सौंपा 30 सूत्रीय ज्ञापन

0 5,894


भाजपा सरकार में माफिया बेखौफ, प्रशासन मौन दर्शक: ज्ञान सिंह
सीधी/मड़वास

धौहानी विधानसभा अंतर्गत मड़वास क्षेत्र में व्याप्त गंभीर जनसमस्याओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मड़वास ने मंगलवार को मड़वास थाने का घेराव किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण, महिला कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस की सहभागिता के साथ प्रदर्शन शांतिपूर्ण लेकिन आक्रोशपूर्ण रहा। इसके पश्चात महामहिम राज्यपाल के नाम 30 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मझौली के माध्यम से एसडीएम एवं एसडीओपी को सौंपा गया।
कांग्रेस ने ज्ञापन में मड़वास एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में कानून-व्यवस्था की बदहाली, अवैध रेत उत्खनन, किसानों की फसलों का नुकसान, आदिवासी व दलित बस्तियों की उपेक्षा, बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव, स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा, जर्जर सड़कें, लंबित सिंचाई कार्य तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से पात्र हितग्राहियों के वंचित रहने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन की उदासीनता और मिलीभगत के चलते माफिया बेखौफ हैं और आमजन असुरक्षित महसूस कर रहा है।


जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि मड़वास से लेकर पूरे सीधी जिले तक हालात भयावह हैं। अवैध रेत परिवहन से नाबालिग की दर्दनाक मृत्यु प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। किसानों की फसलें चौपट हो रही हैं, आदिवासी-दलित बस्तियां अंधेरे में हैं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं और योजनाएं केवल कागजों में चल रही हैं। यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क से सदन तक जनआंदोलन छेड़ेगी।


कार्यक्रम में राजेंद्र सिंह भदौरिया, कमलेश सिंह, आनंद सिंह, प्रदीप सिंह दीपू, ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, ओंकार सिंह, सतेंद्र सिंह, गणेश सोनी, हल्के सोनी, इंद्रबली सिंह, जनपद अध्यक्ष मझौली सुनैना सिंह, जनपद अध्यक्ष कुसमी श्यामवती सिंह, जनपद उपाध्यक्ष रमेश कुशवाहा, विदेश सिंह, रामकृष्ण गुप्ता, विकास पांडेय, मार्तंड चतुर्वेदी, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष तिवारी सहित जिला, ब्लॉक, मंडल व सेक्टर स्तर के पदाधिकारी, युवा व महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रमुख मांगें:
ग्राम टिकरी निवासी 15 वर्षीय उमेश सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर मृत्यु के मामले में अवैध परिवहनकर्ताओं पर हत्या का प्रकरण, वाहन राजसात व परिजनों को आर्थिक सहायता।
अवैध परिवहन की पूर्व शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न करने पर संबंधित पुलिस कर्मियों के विरुद्ध प्रकरण व निलंबन।
सीधी जिले में अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक व राजस्व क्षति की जांच।
आवारा पशुओं से फसल नुकसान रोकने की व्यवस्था।
बीपीएल सर्वे पुनः कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ।
स्मार्ट मीटर/मनमानी बिलिंग की शिकायतों पर मीटर परिवर्तन।
खाद्यान्न पर्ची, पीएम आवास राशि का भुगतान।
सड़कों, एनीकट/बांध कार्यों की मरम्मत व मुआवजा।
स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित डॉक्टरों की पदस्थापना।
नल-जल व बिजली आपूर्ति का विस्तार सभी बस्तियों तक।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि ज्ञापन पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र किया जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment