पांढुर्णा हलचल: अवैध सागौन की तस्करी का भंडाफोड़, वन विभाग ने घेराबंदी कर पकड़ा सागौन से लदा ऑटो

0 381

पांढुरना संवाददाता- निलेश कलस्कर (जिला ब्युरो चिफ)

पांढुर्णा | 28 दिसंबर 2025

पांढुर्णा/सौसर क्षेत्र में अवैध वनोपज के खिलाफ वन विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस छापामार कार्यवाही में विभाग ने न केवल अवैध सागौन की लकड़ी जब्त की, बल्कि परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

जानकारी के अनुसार, वन विभाग को मुखबिर से अम्बाडा-पांढुर्णा मार्ग पर अवैध सागौन के परिवहन की सटीक सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर क्षेत्र में छानबीन शुरू की गई। इसी दौरान घनपेठ वार्ड के पास अम्बाडा की ओर से आ रहे एक संदिग्ध तीन-पहिया ऑटो को रोका गया, जिस पर कोई नंबर अंकित नहीं था।

पूछताछ और जब्ती की कार्यवाही

जांच करने पर ऑटो के अंदर प्लास्टिक की बोरियों से ढके हुए सागौन के पल्ले बरामद हुए। वाहन चालक आशिफ शेख (निवासी टेकड़ी वार्ड) और उसमें बैठे नारायण चौधरी (निवासी घनपेठ वार्ड) लकड़ी के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र पेश नहीं कर सके। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह लकड़ी ग्राम मांगुरली के एक बढ़ई से अवैध रूप से बनवाई गई थी और इसे निजी मकान में लगाने के लिए ले जाया जा रहा था।

खेत और कारखाने पर दबिश

आरोपियों के बयान के आधार पर विभागीय टीम ने तत्काल ग्राम मांगुरली में दबिश दी। वहां बिना पंजीयन के काम कर रहे बढ़ई और खेत मालिक पुरुषोत्तम चौधरी के ठिकानों की तलाशी ली गई। खेत में बने कोठे से टीम ने 03 नग भारी सागौन के लट्ठे और बरामद किए। बिना अनुमति पेड़ काटने की पुष्टि होने पर विभाग ने कुल 0.245 घन मीटर सागौन जब्त कर पी.ओ.आर. प्रकरण क्रमांक 1928/76 दर्ज किया है।

इस पूरी कार्यवाही में कनिष्ठ वनपाल रमेश कुमार इवनाती, संजय पवार और वनरक्षक राजेंद्र कुमार कुशरे सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment