जल संसाधन विभाग डिंडोरी के करोड़ों खर्च के बाद भी सूखा बंजार टोला भैंसवाही टैंक, पानी के लिए तरस रहे किसान 

0 292

खमोद चन्देल की रिपोर्ट

 

 

डिंडोरी – बंजार टोला भैंसवाही विकासखंड अमरपुर स्थित टैंक में कुछ वर्ष पहले जल संसाधन विभाग डिंडोरी द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से वर्ष 2021–22 में मनरेगा योजना के अंतर्गत करोड़ों रुपये खर्च कर टैंक की मरम्मत कराई गई। इसके बावजूद वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। आज टैंक में एक बूंद पानी तक नहीं है और क्षेत्र के किसान पानी के लिए तरस रहे हैं।

किसानों का कहना है कि मरम्मत के नाम पर बार-बार कार्य कराए गए, लेकिन उनका कोई ठोस लाभ नहीं मिला। टैंक में गंभीर रिसाव की समस्या है, जिसके कारण पानी रुक नहीं पाता। स्थिति और खराब इसलिए हो गई है क्योंकि डैम के ठीक नीचे से निकलने वाली नहर भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त और टूटी पड़ी है, जिससे खेतों तक पानी पहुंच ही नहीं पा रहा है।

स्थानीय किसानों ने बताया कि हर साल उनसे सिंचाई के लिए पानी का शुल्क लिया जाता रहा है, लेकिन इस बार उन्हें एक बूंद पानी भी नहीं मिल पा रहा है। अधिकारियों द्वारा यह कहकर जवाब दिया जा रहा है कि डैम में पानी ही नहीं है, जबकि किसानों का आरोप है कि यदि टैंक और नहर की मरम्मत सही तरीके से कराई गई होती तो पानी को सुरक्षित रखा जा सकता था।

किसानों का आरोप है कि जल संसाधन विभाग डिंडोरी के अधिकारियों ने सरकारी राशि खर्च करने के नाम पर भारी लापरवाही बरती, जिससे करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी हालात जस की तस बने हुए हैं। न तो टैंक की रिसाव समस्या दूर हुई और न ही नहर को दुरुस्त किया गया।

पानी के अभाव में खेती बुरी तरह प्रभावित हो रही है और किसानों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, टैंक में हो रहे रिसाव और डैम के नीचे क्षतिग्रस्त नहर की तत्काल मरम्मत की जाए तथा दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को सिंचाई का वास्तविक लाभ मिल सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment