रेलवे की लापरवाही से जनता परेशान, अधूरे ब्रिज को लेकर पार्षद ने खोला मोर्चा

0 339

पांढुरना संवाददाता- निलेश कलस्कर जिला ब्युरो चिफ

 

पांढुर्णा। रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं के विस्तार के दावे कागजी साबित हो रहे हैं। स्टेशन पर बना आधा-अधूरा फुटओवर ब्रिज अब आम जनता के लिए बड़ी मुसीबत और खतरे का कारण बन गया है। रेलवे विभाग द्वारा इस ब्रिज को प्लेटफार्म क्रमांक 05 के बाहर तक न ले जाने के कारण हजारों नागरिकों की सुरक्षा दांव पर लगी है।

हजारों लोगों का रास्ता हुआ बंद

नगर पालिका पार्षद लोचन खवसे ने इस मुद्दे पर रेलवे प्रशासन को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने बताया कि तीसरी रेल लाइन और रिटेनिंग वॉल बनने के बाद से सुभाष वार्ड, शास्त्री वार्ड, गायत्री कॉलोनी और गुजरखेड़ी सहित दर्जनों गांवों के लोगों का पैदल रास्ता बंद हो गया है। अब लोगों को स्टेशन के दूसरी ओर जाने के लिए लगभग 2 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी उन स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है जो रोजाना इस रास्ते का उपयोग करते हैं।

महाप्रबंधक को लिखा पत्र, आंदोलन की चेतावनी

पार्षद खवसे ने मध्य रेल के महाप्रबंधक (जीएम) को पत्र लिखकर मांग की है कि फुटओवर ब्रिज का विस्तार प्लेटफार्म 05 के बाहर तक किया जाए। साथ ही, उन्होंने श्री हनुमानप्रसाद दुबे के मकान के पास से गायत्री कॉलोनी रोड तक अंडरपास या ब्रिज निर्माण की आवश्यकता जताई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि रेलवे ने जल्द ही इस जनसमस्या का समाधान नहीं किया, तो वे क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे।

हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि रेलवे की इस लापरवाही के कारण लोग पटरियां पार करने को मजबूर हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना यह है कि क्या रेलवे प्रशासन इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेता है या किसी अनहोनी का इंतजार करता है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment