हनुमना पुलिस की बड़ी कार्यवाही नशीली   सिरप तस्करी का किया पर्दाफाश

0 266

 

मऊगंज। जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत हनुमना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत एवं रीवा रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन प्रहार 2.0 के अंतर्गत थाना हनुमना पुलिस ने अवैध नशीली कफ सिरप की तस्करी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 14 लाख 20 हजार 930 रुपये मूल्य की मशरूका जब्त की है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊगंज दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह तथा एसडीओपी मऊगंज सची पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हनुमना निरीक्षक अनिल काकड़े के नेतृत्व में अंजाम दी गई।

मुखबिर की सूचना पर त्वरित घेराबंदी

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 को थाना हनुमना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की टोयोटा कार (MP 53 ZF 2001) बड़कुड़ा बॉर्डर की ओर से हाईवे होते हुए मऊगंज–सीधी दिशा में जा रही है। कार में सवार तीन युवक डिग्गी में भारी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप रखकर बिक्री के उद्देश्य से परिवहन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोटवा पहड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

तलाशी में नकदी और नशीली सिरप बरामद

वाहन की विधिवत तलाशी के दौरान कार के भीतर रखे एक झोले से 4 लाख 5 हजार रुपये नकद बरामद हुए, वहीं डिग्गी से 35 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप जब्त की गई। मौके पर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—

1. रविनंदन तिवारी उर्फ रवि (उम्र 24 वर्ष), निवासी कोठार, थाना कोतवाली, जिला सीधी

2. दीपक तिवारी उर्फ दीपू (उम्र 32 वर्ष), निवासी कोठार, थाना कोतवाली, जिला सीधी

3. शिवम गौतम उर्फ मालिक (उम्र 20 वर्ष), निवासी सतोहरी, थाना रामपुर नैकिन, जिला सीधी

जब्त मशरूका का विवरण

 

35 शीशी नशीली कफ सिरप – ₹6,930

 

नकद राशि – ₹4,05,000

 

टोयोटा गैलन्जा कार – अनुमानित ₹10,00,000

 

मोबाइल फोन – ₹9,000

 

 

कुल मूल्य: ₹14,20,930 (लगभग)

 

टीम की सराहनीय भूमिका

 

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल काकड़े, उप निरीक्षक गुलाब वर्मा, प्रधान आरक्षक विकास पाण्डेय, आरक्षक मनीष पाण्डेय, शोभित सिंह, विवेकानंद यादव, प्रदीप यादव, साइबर सेल रीवा से उप निरीक्षक मृगेन्द्र सिंह तथा साइबर सेल मऊगंज के प्रधान आरक्षक विमल कुशवाहा और आरक्षक भावेश की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

 

पुलिस का सख्त संदेश

 

हनुमना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment