ऊर्जा मंत्री की प्रेस वार्ता में विकास पर तीखे सवाल; 5 रुपये में कृषि बिजली कनेक्शन और जिले की समस्याओं पर प्रभारी मंत्री को घेरा

0 483

 

पांढुरना (निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ)

 

पांढुरना। मध्य प्रदेश शासन के ऊर्जा एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के पांढुरना आगमन पर नगर पालिका सभा कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विकास और जनहित के मुद्दों पर जमकर चर्चा हुई। जहाँ मंत्री ने सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने पर उपलब्धियां गिनाईं, वहीं पत्रकारों ने स्थानीय समस्याओं और किसानों के हितों को लेकर तीखे सवाल पूछे।

किसानों को बड़ी राहत: 5 रुपये में कृषि बिजली कनेक्शन

प्रेस वार्ता के दौरान ऊर्जा मंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा/जानकारी साझा करते हुए कहा कि सरकार किसानों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि किसानों को मात्र 5 रुपये में कृषि बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ठोस कदम उठा रही है, ताकि खेती की लागत कम हो सके और किसानों को आर्थिक मजबूती मिले।

जिला अध्यक्ष गुड्डू कावले के 11 सवाल

मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष गुड्डू कावले ने प्रभारी मंत्री के सामने पांढुरना के सर्वांगीण विकास से जुड़े 11 ज्वलंत सवालों की झड़ी लगा दी। कावले ने इन सवालों को विकास के यज्ञ में ‘आहुति’ बताते हुए निम्नलिखित मुद्दे उठाए:

रिंग रोड: NH-47 को अंतरराष्ट्रीय राजमार्ग अमरावती से जोड़ने हेतु रिंग रोड का रोड मैप कब बनेगा?

प्रशासनिक पहचान: पांढुरना को स्वतंत्र RTO नंबर कब मिलेगा?

कर्मचारी हित: नपा कर्मचारियों के वेतन का स्थाई समाधान क्या है?

अधूरे कार्य: 5 करोड़ के मुख्यमंत्री अधोसंरचना कार्य एक वर्ष से अधूरे क्यों हैं? क्या जिला सिर्फ प्रभारी BRCI के भरोसे चलेगा?

कार्यालयों का अभाव: 2 साल बाद भी विभाग प्रमुखों के कार्यालय मुख्यालय पर क्यों नहीं हैं?

वन विभाग: छिंदवाड़ा से बाबुओं के न आने के कारण रिकॉर्ड खराब हो रहे हैं, इसका जिम्मेदार कौन?

सिंचाई: भूली जलाशय प्रोजेक्ट जिला मुख्यालय से संचालित क्यों नहीं हो रहा?

कलेक्टर भवन: जनभावना के अनुरूप कलेक्टर कार्यालय शहर के भीतर कब बनेगा?

आंगनवाड़ी: सुभाष वार्ड में 14 वर्षों से बंद आंगनवाड़ी कब शुरू होगी?

रेलवे व ब्रिज: ट्रेनों के स्टॉपेज और ओवरब्रिज निर्माण पर क्या प्रगति है?

जिले का विस्तार: क्या मुल्ताई तहसील को पांढुरना जिले में शामिल करने का कोई प्रयास किया जाएगा?

मंत्री का आश्वासन

प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने सभी सवालों को गंभीरता से सुना और कहा कि पांढुरना के नव-गठित जिला होने के कारण कुछ प्रशासनिक व्यवस्थाओं में समय लग रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 5 रुपये में बिजली कनेक्शन जैसी योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान तक पहुँचाया जाएगा और स्थानीय समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment