सीधी में धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता व तौल पर सख्त निर्देश

0 276

सीधी | 18 दिसम्बर 2025

 

सीधी जिले में धान उपार्जन कार्य को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा औसत अच्छी गुणवत्ता वाले धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जिले में धान उपार्जन कार्य 01 दिसम्बर 2025 से 20 जनवरी 2026 तक संचालित किया जा रहा है।

 

18 दिसम्बर 2025 को डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी तथा तहसीलदार सीधी द्वारा उपार्जन केंद्र चौफाल केंद्र क्रमांक-2 (पटेहरा) का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किसान भैयालाल सिंह, ओम सिंह, प्रशांत कुमार जायसवाल सहित अन्य किसानों से चर्चा की गई। किसानों ने बताया कि केंद्र पर निर्धारित तौल एवं गुणवत्ता के अनुसार धान खरीदी की जा रही है।

 

निरीक्षण के दौरान उपार्जन केंद्र प्रभारी को “रेडी टू ट्रांसपोर्ट” धान की मात्रा बढ़ाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा खरीदे गए धान की समुचित स्टैकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण उपरांत पंचनामा भी तैयार किया गया।

 

जिले में अब तक 49 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 52,925.09 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। परिवहन की धीमी प्रगति को देखते हुए जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम एवं संबंधित परिवहनकर्ता को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

 

कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार राजस्व विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, उपायुक्त सहकारिता विभाग, म.प्र. स्टेट वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन तथा सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

 

निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रियल सिंह ने चौफाल केंद्र क्रमांक-2 (पटेहरा), तहसीलदार सिहावल ने सहजी, तहसीलदार चुरहट एवं जेएसओ राजेश कुमार सिंह ने कमर्जी, शाखा प्रबंधक सेमरिया ने धनहा तथा शाखा प्रबंधक मड़वास ने मड़वास उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया।

 

सभी केंद्रों पर गुणवत्ता, तौल, स्टैकिंग एवं परिवहन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए नियमित, पारदर्शी एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment