पंखिनी कार्यक्रम में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बढ़ाया बालिकाओं का आत्मविश्वास

पुलिस भर्ती हेतु स्क्रीनिंग एवं फिजिकल ट्रेनिंग का शुभारंभ, 450 से अधिक बालिकाओं की सहभागिता
खमोद चन्देल की रिपोर्ट
डिंडौरी : बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत जिले में संचालित नवाचार पंखिनी “सपनों को दो पंख” के माध्यम से बालिकाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही बालिकाओं हेतु स्क्रीनिंग एवं फिजिकल ट्रेनिंग कार्यक्रम का शुभारंभ 18 दिसंबर को प्रातः 11 बजे किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने स्वयं उपस्थित होकर बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बालिकाओं को पुलिस भर्ती सहित अन्य शासकीय सेवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं में अधिक से अधिक आवेदन करने तथा पूरे समर्पण के साथ शारीरिक प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम डिंडौरी पुलिस ग्राउंड एवं शहपुरा स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती स्टेडियम में आयोजित किया गया।
डिंडौरी पुलिस ग्राउंड
डिंडौरी पुलिस ग्राउंड में आयोजित स्क्रीनिंग में लगभग 250 बालिकाओं ने सहभागिता की। पुलिस भर्ती परीक्षा के निर्धारित शारीरिक मापदंडों के अंतर्गत न्यूनतम 155 सेंटीमीटर ऊँचाई के आधार पर 131 बालिकाओं को पात्र पाया गया। चयनित बालिकाओं को पुलिस विभाग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 15 दिवसीय फिजिकल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
वीरांगना रानी दुर्गावती स्टेडियम
वीरांगना रानी दुर्गावती स्टेडियम शहपुरा में पुलिस भर्ती हेतु 73 ऑनलाइन एवं 23 ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए। फिजिकल स्क्रीनिंग के दौरान 61 बालिकाएं उपस्थित रहीं। यहां भी पुलिस भर्ती के निर्धारित शारीरिक मापदंडों के अनुसार बालिकाओं की स्क्रीनिंग की गई।
प्रशिक्षण की प्रक्रिया
दोनों स्थलों पर प्रारंभ में शारीरिक मापदंडों की जांच की गई। 155 सेंटीमीटर ऊँचाई की पात्रता पूर्ण करने वाली बालिकाओं को आगामी सोमवार से पुलिस भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी हेतु फिजिकल ट्रेनिंग दी जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, ऊँचाई एवं वजन मापन सहित अन्य आवश्यक शारीरिक अभ्यासों का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण पुलिस, खेल एवं शिक्षा विभाग के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री श्याम सिंगौर, डीएसपी श्री पुरुषोत्तम मरावी (महिला प्रकोष्ठ), सूबेदार श्री कुंवर सिंह (रक्षित केंद्र डिंडौरी), जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री मोहम्मद अहमद खान, जिला जनसंपर्क अधिकारी, पुलिस विभाग से प्रशिक्षक श्री पवन एवं श्री सोमेश दीक्षित, खेल विभाग की प्रशिक्षक श्रीमती आरती सोंधिया, लक्ष्मी बनावल एवं सुनीता, तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
शहपुरा कार्यक्रम में एसडीएम श्री ऐश्वर्य वर्मा, एसडीओपी, सीडीपीओ शहपुरा एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को लेकर बालिकाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पंखिनी कार्यक्रम जिले में नारी सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रेरणादायी एवं प्रभावी पहल के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है।