सुरक्षा न मिलने पर भड़की भीम आर्मी—चुरहट-अमिलिया चौराहा 30 मिनट जाम, प्रशासन पर उठा बड़ा सवाल

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी,सिहावल रिपोर्ट : शाहिद खान
समाचार:
सीधी। सिहावल विधानसभा क्षेत्र में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में भीम आर्मी द्वारा निकाली जा रही रैली उस समय विवाद का कारण बन गई, जब पुलिस सुरक्षा न मिलने से नाराज़ कार्यकर्ताओं ने चुरहट–अमिलिया मुख्य चौराहे को जाम कर दिया। रैली आयोजकों का कहना था कि “रास्ता क्लियर नहीं मिल रहा, जबकि रैली निकालने की विधिवत अनुमति पहले ही ले ली गई है।” इस अव्यवस्था के चलते रैली को आगे बढ़ाने में लगातार बाधाएँ आ रही थीं।
लगभग 30 मिनट तक चौराहा पूरी तरह जाम रहा, जिससे आम जनमानस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार होने के कारण अमिलिया के साप्ताहिक बाजार में अत्यधिक भीड़ थी, जिसने स्थिति को और अधिक जटिल बना दिया। कार्यकर्ताओं में पुलिस प्रशासन के प्रति खासा आक्रोश देखने को मिला।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस के निर्देशन पर इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम पाठक मौके पर पहुंचे और एक मार्ग को तत्काल क्लियर कराया। उनके हस्तक्षेप के बाद ही भीम आर्मी की रैली को आगे रवाना किया जा सका।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)