हैंडपंप विवाद में महिलाओं पर लाठी-डंडों से हमला: सीधी में 11 लोगों ने की वारदात, 10 लोग घायल; आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज,
सीधी जिले के रामपुर नैकिन में हैंडपंप के चबूतरे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान 10 लोग घायल हो गए। रविवार दोपहर 1 बजे की घटना है।

दरअसल, सोधिया परिवार की महिलाएं घर पर काम कर रही थीं। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोग हैंडपंप का चबूतरा तोड़ने लगे। जब सीला सोधिया ने रोहित केवट को चबूतरा तोड़ने से मना किया तो वह नाराज हो गया।
आरोपियों ने महिलाओं पर लाठी-डंडों से किया हमला
रोहित और उसके साथी घर में घुस आए। आदर्श, मुकेश, मोहित, अनुराग, दिलीप, अंबिका, अनिल, अरुण, भागीरथी और राजेश केवट समेत 11 लोगों ने महिलाओं पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में सोनम, प्रिया, रीना, काजल, सीला, बुटनी, कुसुम, कुश, नागेंद और लकी सोधिया घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय घर के पुरुष सदस्य मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज,
थाना प्रभारी रामपुर नैकिन सुधांशु तिवारी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।