जनपद पंचायत सिहावल में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया

आर,डी, पाण्डेय सीधी
सीधी मध्यप्रदेश/सिहावल। जनपद पंचायत कार्यालय सिहावल में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी सिंह ने की। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रध्वज फहराकर उसे सलामी दी तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमान सिंह उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में जनपद सदस्य श्री जगजीवन लाल पटेल, एसडीएम सुश्री प्रिया पाठक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रश्मि पांडेय सहित खंड स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक वादन किया गया। इसके बाद अतिथियों द्वारा स्वतंत्रता दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला गया और उपस्थित जनसमूह को देश की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।
अंत में मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति का उल्लास और सामूहिक उत्साह स्पष्ट रूप से झलकता रहा।