नगर निगम कार्यालय में महापौर ने किया ध्वजारोहण वीरों के बलिदान से मिली आज़ादी का मोल समझें – महापौर रानी अग्रवाल
शहीदों की कुर्बानी को याद करने का दिन – निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय
सिंगरौली, 15 अगस्त 2025।

79वें स्वतंत्रता दिवस पर नगर निगम कार्यालय परिसर में महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, प्रभारी आयुक्त आर.पी. बैस, पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया।
महापौर रानी अग्रवाल ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमें देश और समाज के प्रति कर्तव्यों तथा संविधान के प्रति निष्ठा की याद दिलाता है। उन्होंने कहा, “वीरों के बलिदान और त्याग से हमें आज़ादी मिली है, इसका मोल हर नागरिक को समझना चाहिए। हमें अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों पर भी ध्यान देना होगा और शासन की योजनाओं को बिना भेदभाव के जन-जन तक पहुंचाना होगा।”
निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने कहा, “आज का दिन आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को याद करने का दिन है। सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी संवेदनशील होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और योजनाओं को हर जरूरतमंद तक पहुंचाएं। जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी राष्ट्र सेवा में निरंतर कार्य कर रहे हैं, उसी प्रकार हमें भी नगर के विकास के लिए समर्पण भाव से कार्य करना होगा।”
उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में राष्ट्रभक्ति और समर्पण की भावना प्रबल हो रही है।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को महापौर एवं निगम अध्यक्ष ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य श्यामला देवी, खुर्शीद आलम, रामनरेश शाह, संतोष शाह, अनिल बैस, सहायक आयुक्त रूपाली द्विवेदी, सहायक यंत्री संतोष पाण्डेय, दिनेश तिवारी, प्रवीण गोस्वामी, डी.के. सिंह, एस.एन. द्विवेदी, प्रभारी अधिकारी नवजीवन विहार संतोष तिवारी, उपयंत्री विपिन तिवारी, अनुज सिंह, राकेश शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।