पचौर बैढन के मॉडल स्कूल में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर सम्पन्न, छात्रों को मिले मौलिक अधिकारों और पर्यावरण संरक्षण के गहरे संदेश

सिंगरौली। म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश माननीय हितेन्द्र सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में दिनांक 31 जुलाई 2025 को शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पचौर बैढन में एक विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को कानून और पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश मनोरम तिवारी ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य और पर्यावरणीय कानूनों की जानकारी देते हुए उनके महत्व को सरल भाषा में समझाया। श्री तिवारी ने निःशुल्क विधिक सहायता और POCSO Act (बालकों का यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम) की विस्तृत जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रभारी अधिकारी संजीव मेहरा तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अमित शर्मा ने पर्यावरणीय प्रदूषण और उसके निवारण के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी।
शिविर के दौरान “पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण” विषय पर एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री संतोष देव पांडेय, वरिष्ठ शिक्षक श्री विश्वनाथ प्रताप सिंह, श्री सूरज दुबे, श्री अश्वनी कुमार दूबे सहित समस्त अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।