“बरसात में डूबी सड़क बनी बच्चों के लिए संकट, 3 साल से अधूरी पड़ी नाली निर्माण योजना”

0 2,186

सीधी/जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत ग्राम बरिगमा की हालत इन दिनों बेहद दयनीय हो चुकी है। लगातार हो रही बारिश के कारण मुख्य सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है, जिससे ग्रामीणों को खासकर छोटे-छोटे स्कूल बच्चों को रोजाना जान जोखिम में डालकर इस नदी जैसे रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।

गांव के 8 वर्षीय मासूम सैश पटेल ने बताया कि, “पिछले एक महीने से हम सभी बच्चे इसी पानी से भरी सड़क से स्कूल जाते हैं। कई बार गिर चुका हूं, कपड़े और किताबें भीग जाती हैं।”

स्थानीय निवासी राजा राम प्रजापति ने बताया कि करीब 3 साल पहले ग्राम पंचायत द्वारा नाली निर्माण कार्य की शुरुआत की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद ही उसे अधूरा छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि हर साल बारिश में यही हालात बनते हैं और कई बार जलभराव के कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिनमें लोगों को चोटें आई हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की कई बार शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही कोई समाधान किया गया।

इस पूरे मामले पर जनपद पंचायत सीधी के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि, “अब हमें जानकारी मिली है, हम जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भेजकर स्थिति का जायजा लेंगे और शीघ्र ही समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा। बच्चों को हो रही परेशानी हमारी पहली प्राथमिकता है और हम उन्हें सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास करेंगे।”

ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित करेगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment