यातायात पुलिस ने किया स्कूल वाहनों का औचक निरीक्षण, 26 पर कार्रवाई
बच्चों की सुरक्षा को लेकर 13 हजार रुपये का जुर्माना, दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील
सिंगरौली | 9 जुलाई 2025

स्कूली बच्चों की सुरक्षित एवं सुगम परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंगरौली यातायात पुलिस द्वारा बुधवार को विभिन्न स्थानों पर स्कूल वाहनों का औचक निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई में 26 स्कूल वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹13,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक रंजन एवं सीएसपी विन्ध्यनगर श्री पी.एस. परस्ते के निर्देशन में की गई।
यातायात पुलिस ने इंद्रा चौक, पुराना यातायात तिराहा, सेंट जोसेफ स्कूल तिराहा, राजीव चौक, निगाही मोड़ एवं जयंत बस पड़ाव सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष टीम गठित कर 53 से अधिक स्कूल बसों, वैन, मैजिक एवं ऑटो की सघन जांच की।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई वाहनों में शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। जिनमें फर्स्ट एड बॉक्स की अनुपस्थिति, अग्निशमन यंत्र की कमी, प्रशिक्षित अटेंडर न होना, स्पीड गवर्नर का न लगना, सीसीटीवी कैमरों की कमी, और वाहन चालकों के दस्तावेज अधूरे होना प्रमुख रहे।
जिन 26 वाहनों में उल्लंघन मिला, उन पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया तथा स्कूल प्रबंधन व वाहन संचालकों को शासन द्वारा शैक्षणिक संस्थानों हेतु जारी राजपत्र क्रमांक क-388 दिनांक 18 सितम्बर 2019 के अंतर्गत बताए गए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश दी गई।
प्रमुख दिशा-निर्देशों में शामिल हैं:
- स्कूल बसों का रंग पीला हो एवं ‘School Bus’ स्पष्ट रूप से अंकित हो
- किराए की बसों पर ‘On School Duty’ लिखा हो
- फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, अटेंडर, सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य हों
- बस चालक के पास 5 वर्ष पुराना वैध लाइसेंस हो एवं उसका कोई गंभीर ट्रैफिक अपराध रिकॉर्ड न हो
- खिड़कियों पर सरियों की जाली एवं मजबूत दरवाजे हों
- वाहन पर स्कूल का नाम व संपर्क नंबर अंकित हो
यातायात पुलिस की अपील:
सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूल प्रबंधन, वाहन ऑपरेटर और अभिभावकों से अपील की जाती है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उपरोक्त सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
कार्यवाही में रहे सक्रिय:
थाना प्रभारी यातायात, सउनि सुरेश शुक्ला, सउनि उत्तम सिंह, प्रआर 18 पुष्पेन्द्र, आर 493 प्रवेश तिवारी, आर रवि मिश्रा सहित यातायात विभाग की पूरी टीम की भूमिका सराहनीय रही।