प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस सीधी में ‘‘पुरा छात्र सम्मेलन‘‘ का आयोजन,

0 569

सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट 

संजय गांधी स्मृति शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में एल्युमिनी मीट का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम नारायण स्वर्णकार ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग एवं नैक मापदंडों को पूरा करने हेतु पूर्व छात्रों के सम्मेलन की परंपरा रही है,जिसका निर्वहन करते हुए यह आयोजन किया जा रहा है। सर्वप्रथम दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, इसके पश्चात पुष्प देकर पूर्व छात्रों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। पंजीकृत छात्रों द्वारा अपने अध्ययन के दौरान अनुभवों को मंच से साझा किया गया, साथ ही बहुमूल्य सुझाव भी प्रेषित किए गए। 

मुख्य अतिथि के रूप में श्री इंद्रशरण सिंह चौहान ने गुरु शिष्य परंपरा को उल्लेखित करते हुए आह्वान किया कि गुरु पूर्णिमा का आयोजन बरसात के मौसम में किया जाता है। जब घास के कारण सारे रास्ते बंद हो जाते हैं तो रास्ता दिखाने का कार्य गुरु का होता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. संतोष सिंह चौहान पूर्व विभागाध्यक्ष इतिहास द्वारा सीधी जिले के समृद्ध ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा गया कि हमें इनका सम्मान करना चाहिए। डॉ. के. एस. नेताम ने सभी का स्वागत करते हुए आयोजक मंडल को शुभकामनाएं प्रेषित की।

विषय परिचय कराते हुए पुरा छात्र समिति के संयोजक डॉ. उमेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा कार्यक्रम के उद्देश्य और महत्व का वृहद समावेश अपने उद्बोधन में किया गया। कार्यक्रम में पुरा छात्रों ने महाविद्यालय के विकास एवं समृद्धि में अपना समर्पण दिखाया और आश्वस्त किया कि महाविद्यालय जब भी उनकी आवश्यकता महसूस करेगा वो हमेशा उपस्थित रहेंगे। श्री इंद्रशरण सिंह चौहान ने संस्था के लिए वाटर कूलर, डॉ संतोष सिंह चौहान ने पुस्तकें, दिलीप सितानी ने रेफ्रीजरेटर, विवेक शर्मा ने प्रिंटर, प्रकाश जी ने पाँच कुर्सियाँ, अनरूप सोनी एवं अनुभव सोनी ने एक-एक आलमारी, राहुल कुमार वर्मा ने फोटो कापियर देने की घोषणा की। समस्त पूर्व छात्रों ने महाविद्यालय के छात्र छात्राओं हेतु पुस्तकें देने की घोषणा की।

अंत में डॉ. प्रभाकर सिंह विभागाध्यक्ष वाणिज्य द्वारा अतिथियों का आभार प्रदर्शन किया गया। महाविद्यालय के विद्या वन में पुरा छात्रों द्वारा पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ. दिलीप कुमार सोनी एवं डॉ.आशुतोष पांडे ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक गण एवं कर्मचारी सम्मिलित हुए एवं सहयोग प्रदान किया।

 

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment