नगरीय क्षेत्र में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न — वार्डवार कार्ययोजना बनाकर समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

सिंगरौली || संवाददाता रोहित शाह

0 3,778

 

सिंगरौली, 23 जून


नगर पालिक निगम सभागार में सिंगरौली विधायक  रामनिवास शाह की अध्यक्षता में नगरीय क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर निगम अध्यक्ष  देवेश पाण्डेय एवं उपखंड अधिकारी सिंगरौली सृजन वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के प्रारंभ में नगर निगम आयुक्त  डी.के. शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नगरीय क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में विधायक रामनिवास शाह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में निगम, एनसीएल, एनटीपीसी द्वारा कराए जा रहे कार्यों की वार्डवार जानकारी संकलित कर, प्रत्येक कार्य की अलग-अलग कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।

सड़कों और नालियों की मरम्मत प्राथमिकता में
विधायक  शाह ने निर्माणाधीन सड़कों और नालियों को समय पर गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन सड़कों और नालियों की मरम्मत की आवश्यकता है, उन्हें तत्काल चिन्हित कर मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाए। साथ ही नगर क्षेत्र के नाले-नालियों की विशेष सफाई अभियान चलाकर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के निर्देश भी दिए गए।

संजीवनी क्लीनिक और आपदा प्रबंधन पर विशेष जोर
शाह ने निर्माणाधीन संजीवनी क्लीनिक को शीघ्र पूर्ण कर समय पर स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। आपदा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे सभी स्थान चिन्हित किए जाएं, जहां बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है और परियोजनाओं के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में संबंधित परियोजना प्रबंधन को पत्राचार कर आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की जाए।

अन्य प्रमुख निर्देश
गनियारी प्लाजा से हाईकोर्ट में लंबित स्थगन आदेश (स्टे) को शीघ्र समाप्त कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही माजन मार्केट में सब्जी मंडी का संचालन न्यायालय के आदेश के बाद ही प्रारंभ करने को कहा गया। शहर की पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की समीक्षा करते हुए विधायक ने निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति सतत और सुचारु रूप से चलती रहे और जहां भी स्ट्रीट लाइट खराब हैं, उन्हें तुरंत दुरुस्त कराया जाए।

बैठक में अधिकारीगण रहे उपस्थित
समीक्षा बैठक में कार्यपालन यंत्री प्रदीप चड़ार, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, डी.के. सिंह, संतोष पाण्डेय, आलोक टीरु, उपयंत्री विपिन तिवारी, विशाल खत्री, पी.के. सिंह, अनुज सिंह, चंद्रमणि द्विवेदी, हेनरी ठाकुर, जितेंद्र कुमार, इन्द्रवेश यादव, स्वच्छता निरीक्षक संतोष तिवारी, एनयूएलएम से कृष्णा पटेल, प्रधानमंत्री आवास योजना से कन्हैयालाल, जल प्रदाय एवं सीवरेज से अजय कोरी, सिटी बस मैनेजर अमिताभ यादव एवं आईईसी मैनेजर आशीष शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment