चाड़ा ग्राम पंचायत में जनकल्याणकारी शिविर सम्पन्न

0 266

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
डिंडौरी : 23 अप्रैल, 2025
कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या के निर्देशानुसार बुधवार को बजाग जनपद के अंतर्गत चाड़ा ग्राम पंचायत के सामुदायिक भवन में जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में डीएफओ श्री पुनीत सोनकर, एसडीएम सुश्री भारती मेरावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कलेक्टर नेहा मारव्या ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों के लिए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
महिलाओं ने पेयजल संकट और लाडली बहना योजना से वंचित रहने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग को दो दिन के भीतर पानी की व्यवस्था करने और महिला एवं बाल विकास अधिकारी को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैगाचक क्षेत्र के निवासियों एवं पद्मश्री अर्जुन धुर्वे ने वनग्रामों में रह रहे गैर-आदिवासी परिवारों को भी वन अधिकार पट्टा दिए जाने की मांग की। इस पर डीएफओ सोनकर ने बताया कि राज्य शासन से प्राप्त निर्देशानुसार सभी पात्र परिवार आवेदन के साथ ग्राम पंचायत प्रस्ताव बनाकर भेजें। वहीं, ग्राम दादर टोला में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने हेतु अतिथि शिक्षक की मांग पर कलेक्टर श्रीमती मारव्या ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनकल्याणकारी शिविर के दौरान ग्राम तांतर में बिजली की समस्या पर भी चर्चा हुई। विद्युत अधिकारियों ने बिल बकाया होने की जानकारी दी, जिस पर कलेक्टर ने तुरंत ट्रांसफार्मर लगाने और ग्रामीणों को बिल भुगतान की सलाह दी। शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड, संबल योजना, जननी सुरक्षा, पीएम आवास सहित अन्य योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को प्रदान किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बाल विवाह के रोकथाम की सलाह देते हुए बालक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष एवं बालिका की न्यूनतम आयु 18 वर्ष पूर्ण होने पर विवाह करने की सलाह दिए। आशा कार्यकर्ताओं को कुपोषित बच्चों की पहचान कर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराने के निर्देश दिए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment