संघर्ष की आंधी ने बढाई सीधी की शान,चुरहट में अजय सिंह राहुल की धाक, ऐसा रहा जीत का अंतर एवं प्राप्त मत

0 5,831

आर.डी.पाण्डेय

सीधी- 3 दिसंबर 2023का दिन भारतीय जनता पार्टी के लिए ऐतिहासिक खुशियों की सौगात लेकर आया! दशों दिशाएं जश्न में डूबी रहीं! मांमा की बहनों ने सारे कांटे निकाल दिए!चौतरफा गलियों में दिख रहे थे तो बस खिले हुए फूल! जो प्रतिद्वंदियों को चुभते हुए नजर आ रहे थे! चुनौतियों की सारी चाभियां किसी भयानक अंधेरों में गुमनाम हो गईं! विधानसभा के चुनावी पिच पर कप्तान शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहनों को जहन में रखकर खुलकर धुआंधार बैटिंग करते हुए जीत को सहज और आसान बना दिया!

सीधी विधानसभा की तीन सीटों पर किसी प्रकार की कांटे जैसी कोई टक्कर ही नहीं रही! वो तो भला हो अजय सिंह राहुल का जिन्होंने कांग्रेस की ओर से सीधी की चुरहट विधानसभा सीट पर अपना दबदबा कायम रखते हुए कांग्रेस की नाक बचा डाली! सीधी की ही विधानसभा सीट सिहावल पर विश्वामित्र पाठक ने एक बार फिर से कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके कमलेश्वर पटेल को जोरदार पटकनी देते हुए अपने वर्चस्व का झंडा फहरा दिया! सीधी जिले की ही धौंहनी सीट पर भी भारतीय जनता पार्टी की जीत का घोड़ा सरपट दौड़ा!

सीधी जिले की विधानसभा 77 सीधी की चर्चित सीट पर बाज और चील्ह की तरह सबकी नज़रें गड़ी हुई थी! अनुमानों और सट्टे का बाजार काफी गरम एवं चरम पर था! मुकाबला त्रिकोणीय के शिखर पर था! लेकिन मतपेटियों में बंद राजनैतिक भाग्य का दरवाजा जैसे ही खुला तो सब के सब टांय टांय फिस्स होते हुए कोई इधर गिरा तो कोई उधर गिरा! और भारतीय जनता पार्टी की तेजस्विनी रीति पाठक ने जीत का ऐसा खंभा गाड़ा, विजय का कोलाहल भरा ऐसा डंका बजाया कि प्रतिद्वंदियों के कान में सांय – सांय की आवाज कई सालों तक गूंजती रहेगी!

जीत के अंतर की बात की जाए तो जिले की सबसे विशालकाय एवं चैलेंज वाली सीट विधानसभा 77 सीधी से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार रीति पाठक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के ज्ञान सिंह को 35418 मतों के अंतर से करारी शिकस्त दी! तथा धौहनी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कुंवर सिंह टेकाम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की कमलेश सिंह को मात्र 3321 वोटो से पराजित कर पाये! सिहावल विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार विश्वामित्र पाठक ने कांग्रेस के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल को 16478 वोटों से हराकर जीत का स्वाद लिया! वही चुरहट विधानसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी के काफी अनुभवी उम्मीदवार अजय सिंह राहुल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के शरदेंदु तिवारी को 27777 वोटों से पराजित करते हुए पूर्व में गवांई गई अपनी सीट का ताज फिर से छीन लिया!

*सीधी सीट* रीति पाठक को प्राप्त कुल मत-88664, ज्ञान सिंह को प्राप्त कुल मत-53246, केदारनाथ शुक्ला को प्राप्त कुल मत-13856,
*धौंहनी सीट*- कुंवर सिंह टेकाम को प्राप्त कुल मत-82063, कमलेश सिंह को प्राप्त कुल मत-78742, *चुरहट सीट*- अजय प्रताप सिंह राहुल को प्राप्त कुल मत-97517, शरदेंदु तिवारी को प्राप्त कुल मत-69740 *सिहावल सीट* विश्वामित्र पाठक को प्राप्त कुल मत- 87085, कमलेश्वर पटेल को प्राप्त कुल मत -70607

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment