केंद्रीय मंत्री सिंधिया के साथ नरेंद्र सिंह ताेमर भी मुरैना पहुंचे, भव्य स्वागत हुआ, कहा-कांग्रेस का काम है आराेप लगाना

मुरैना । नागरिक उड्डयन मंत्री ज्याेतिरादित्य सिंधिया बुधवार काे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह ताेमर के साथ मुरैना पहुंचे। यहां चंबल राजघाट पुल से स्वागत का जाे सिलसिला शुरू हुआ ताे वह मुरैना तक जारी रहा। पूरे रास्ते पुष्प वर्षा एवं फूल मालाओं से केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया गया। इस दाैरान पत्रकाराें से चर्चा के दाैरान सिंधिया ने कहा कि हम सब मिलकर विकास करेंगे। कांग्रेस का काम है आराेप लगाना, जबकि हमारा काम है जनता के काम करना।
नागरिक उड्डयन मंत्री बनाए जाने के बाद पहली बार मुरैना आए ज्याेतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए पिछले सात दिन से तैयारी चल रही थी। चंबल राजघाट पुल पर सैकड़ाें की संख्या में कार्यकर्ता माैजूद थे, जैसे ही सिंधिया का काफिला यहां पहुंचा ताे पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। खास बात यह है कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया के साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह ताेमर भी आए हैं। दाेनाें नेता सड़क मार्ग से मुरैना पहुंचे। इस दाैरान जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर दाेनाें मंत्रियाें का स्वागत किया गया। मुरैना में कार्यकर्ताओं से मुलाकात एवं कार्यक्रमाें में शामिल हाेने के बाद सिंधिया दाेपहर तीन बजे ग्वालियर पहुंचेंगे।