जमीन विवाद में नया मोड़: 200 ग्रामीणों ने थाने और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

0 2,082

 

अभिषेक तिवारी ने लगाया झूठे मामले में फंसाने का आरोप, थाना प्रभारी बोले- दोनों पक्षों के आवेदनों की जांच जारी

 

सीधी/रामपुर नैकिन। सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मूर्तला में जमीन विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को करीब 200 ग्रामीणों ने एकजुट होकर रामपुर नैकिन थाना एवं कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर विकास मिश्रा के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की।

 

ग्रामीणों की ओर से शाम करीब 4 बजे ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान फरियादी अभिषेक तिवारी ने आरोप लगाया कि उन्हें अनावश्यक रूप से जमीन विवाद में फंसाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी जमीन के बगल में कपूर चंद्र गुप्ता की जमीन स्थित है, इसके बावजूद प्रवीण गुप्ता द्वारा उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है।

 

अभिषेक तिवारी के अनुसार, वह अपने खेत में जेसीबी मशीन के माध्यम से नाली का निर्माण करा रहे थे। उस समय मौके पर कोई बाउंड्रीवॉल गिरी हुई नहीं थी, लेकिन उनके वहां से चले जाने के अगले दिन सुबह करीब 6 बजे बाउंड्रीवॉल गिरी हुई पाई गई। इसके बाद व्यापारियों ने एकजुट होकर थाने में शिकायत दर्ज कराई और उनके खिलाफ मामला दर्ज हो गया।

 

अभिषेक तिवारी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना समुचित जांच के उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। उनका कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच होती तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होता। इसी कार्रवाई के विरोध में करीब 200 ग्रामीणों ने एकजुट होकर ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

 

दोनों पक्षों के आवेदनों की जांच जारी : थाना प्रभारी

 

वहीं, मामले में रामपुर नैकिन थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि पहले एक पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। अब दूसरे पक्ष की ओर से भी ज्ञापन दिया गया है। दोनों पक्षों के आवेदनों के संबंध में जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment