मुफ्त पटाखे देने से इनकार पर सिपाही ने दुकानदार को दी धमकी, वीडियो वायरल

0 15

 

वर्दी का रौब दिखाकर पटाखों की मांग करने का आरोप, एसपी ने आरोपी सिपाही शिव प्रताप सिंह को किया निलंबित

 

महोबा (उत्तर प्रदेश)। महोबा जिले के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जैतपुर कस्बे में पुलिसकर्मी की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। दीपावली के अवसर पर पठवा मेला मैदान में लगी अस्थाई पटाखा दुकानों में से एक दुकान पर तैनात सिपाही शिव प्रताप सिंह द्वारा मुफ्त में पटाखे मांगने और मना करने पर दुकानदार को धमकाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है।

 

जानकारी के अनुसार, जैतपुर चौकी पर लंबे समय से तैनात सिपाही शिव प्रताप सिंह पठवा मेला मैदान स्थित पटाखा दुकान पर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने दुकानदार आकाश आग्नेय से मुफ्त में पटाखे देने की मांग की। दुकानदार द्वारा मुफ्त पटाखे देने से इनकार करने पर सिपाही ने कथित तौर पर उसे खुलेआम धमकाना शुरू कर दिया।

 

इस दौरान वायरल वीडियो में चौकी इंचार्ज मलखान सिंह से बातचीत कराने और कारखास सिपाही अनुराग यादव का जिक्र करने की बात भी सामने आई है। दुकानदार ने पूरी घटना का करीब 6 मिनट 17 सेकंड का वीडियो अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

 

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोबा ने आरोपी सिपाही शिव प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

 

सीओ कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसपी द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment