सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, SDM कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू

15 दिन में काम शुरू कराने का प्रशासन का आश्वासन बेअसर, लिखित आदेश और निर्माण कार्य शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
शाहपुरा। विकासखंड शाहपुरा के ग्राम मुरमी टोला, कनेरी रैयत और कछरा टोला के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर एक बार फिर आंदोलन शुरू कर दिया है। वर्षों से पक्की सड़क की सुविधा से वंचित ग्रामीणों का सब्र अब जवाब दे गया है। प्रशासन द्वारा दिए गए 15 दिन के अल्टीमेटम की समय सीमा समाप्त होने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नाराज ग्रामीण शाहपुरा एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, तीनों गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क आज भी कच्ची हालत में है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ भर जाने से आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और मरीजों पर पड़ता है। बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है, वहीं आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाना भी चुनौती बन जाता है।
15 दिन में सड़क निर्माण शुरू कराने का मिला था आश्वासन
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर 15 दिन पहले करीब 6 घंटे तक चक्काजाम किया गया था। उस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे पर ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया था।
आश्वासन पूरा नहीं होने पर SDM कार्यालय के सामने धरना
निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई, तो ग्रामीणों ने दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अब केवल मौखिक आश्वासन से काम नहीं चलेगा। जब तक सड़क निर्माण का लिखित आदेश जारी नहीं होता और मौके पर काम शुरू नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। अब देखना होगा कि वर्षों से सड़क की सुविधा का इंतजार कर रहे ग्रामीणों को प्रशासन कब तक राहत दिला पाता है।
—