आयुष्मान योजना के नाम पर करोड़ों की कथित धोखाधड़ी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार

शहपुरा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 19 ग्रामीणों को ले जाया जा रहा था जबलपुर; दो वाहन जब्त
डिंडौरी। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के नाम पर फर्जी उपचार दर्शाकर शासन से करोड़ों रुपये की राशि प्राप्त करने के कथित षड्यंत्र का डिंडौरी पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में शहपुरा पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो वाहनों को भी जब्त किया है।
प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं के अनुसार, जबलपुर स्थित सुखसागर मेडिकल कॉलेज अस्पताल से जुड़े कुछ व्यक्तियों द्वारा पिछले 4-5 वर्षों से डिंडौरी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में एजेंटों के माध्यम से भोले-भाले ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड एकत्रित किए जा रहे थे। ग्रामीणों को बेहतर एवं निःशुल्क उपचार का प्रलोभन देकर जबलपुर ले जाया जाता था। आरोप है कि बिना वास्तविक चिकित्सकीय आवश्यकता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए मरीजों को अस्पताल में भर्ती दर्शाकर आयुष्मान योजना के तहत शासन से उपचार की राशि प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा था।
ग्रामीणों को प्रलोभन देकर ले जा रहे थे जबलपुर
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर 31 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शहपुरा एवं तहसीलदार शहपुरा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने थाना शहपुरा क्षेत्र के ग्राम पिपरिया माल एवं कौआझिर में कार्रवाई की।
इस दौरान कुछ व्यक्ति स्वयं को जबलपुर के सुखसागर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बताकर ग्रामीणों को निःशुल्क उपचार एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रलोभन दे रहे थे। ग्रामीणों को वाहन क्रमांक MP20PA1209 एवं MP20XE2539 से जबलपुर ले जाया जा रहा था। दोनों वाहनों में कुल 19 मरीज सवार थे।
स्वास्थ्य परीक्षण में नहीं मिले गंभीर बीमारी के लक्षण
कार्रवाई के दौरान वाहनों में सवार सभी 19 ग्रामीणों का खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) शहपुरा द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं निरीक्षण किया गया। जांच में किसी भी मरीज में गंभीर बीमारी के लक्षण नहीं पाए गए। प्रथम दृष्टया मामला बिना वास्तविक चिकित्सकीय आवश्यकता के आयुष्मान कार्ड के माध्यम से योजना की राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से ग्रामीणों को ले जाने का सामने आया है।
ग्रामीणों के कथनों में यह बात भी सामने आई कि जिन लोगों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं था, उनका उपचार नहीं किए जाने की बात संबंधित व्यक्तियों द्वारा कही गई थी।
छह आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले में ग्रामीणों को प्रलोभन देकर आयुष्मान कार्ड एकत्रित करने, शासकीय स्वास्थ्य योजना का दुरुपयोग करने एवं धोखाधड़ीपूर्वक सरकारी राशि प्राप्त कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने के आरोप में थाना शहपुरा में अपराध क्रमांक 624/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने मामले में निम्न छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
1. उमेश मिश्रा
2. अवधेश दुबे
3. विमल राय
4. संतोष कुमार पटेल (प्रचारक)
5. संजय दुबे
6. राजा खरे (वाहन चालक)
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जबलपुर स्थित सुखसागर मेडिकल कॉलेज के मैनेजर संजय शर्मा के कहने पर पिछले 4-5 वर्षों से इस प्रकार का कार्य करना बताया है। पुलिस अब मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
दो वाहन जब्त
पुलिस ने कथित गतिविधियों में इस्तेमाल किए गए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। इनमें MP20PA1209 और MP20XE2539 क्रमांक के वाहन शामिल हैं।
पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जिला डिंडौरी, एसडीओपी शहपुरा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शहपुरा एवं तहसीलदार शहपुरा के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी शहपुरा ताकेश्वरी मरकाम, उपनिरीक्षक मनीराम मरावी, सहायक उपनिरीक्षक घसीटा लाल रजक, प्रधान आरक्षक क्रमांक 37 कमलेश मरावी सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं राजस्व विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
डिंडौरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत दस्तावेज न सौंपें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, प्रलोभन या धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दें।
डिंडौरी पुलिस – जनसेवा, विश्वास एवं सुरक्षा।