जीएफ कॉलेज की तीन महिला खिलाड़ियों का विश्वविद्यालय ताइक्वांडो टीम में चयन

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय, शाहजहांपुर द्वारा आयोजित अंतरमहाविद्यालय चयन-ट्रायल टूर्नामेंट में जीएफ कॉलेज की ताइक्वांडो महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो मास्टर डॉ. पुनीत मनीषी के नेतृत्व में टीम ने प्रतिभाग किया। ट्रायल में महाविद्यालय की तीन छात्राओं – शिवानी वर्मा, निशा और अलकमा ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय टीम में जगह बनाई।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मोहसिन खान ने कहा कि खेल केवल पदक का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और संघर्षशीलता जैसे गुणों का विकास करते हैं। कॉलेज लौटने पर प्राचार्य ने तीनों चयनित खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संयुक्त क्रीड़ा सचिव डॉ. मोहम्मद काशिफ ने कहा कि यह सफलता संस्थान की सामूहिक प्रतिबद्धता, प्रशिक्षकों के समर्पण और खिलाड़ियों के परिश्रम का परिणाम है।
टीम मैनेजर डॉ. पुनीत मनीषी ने कहा कि यह उपलब्धि नियमित अभ्यास और कठिन परिश्रम का नतीजा है और तीनों छात्राएं आगामी प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय को गौरवान्वित करेंगी।