सत्ता जीवी विपक्ष राष्ट्र विरोधी ताकतों की कठपुतली बना : रीती पाठक

आर.डी.पाण्डेय सीधी मध्यप्रदेश
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ विषय पर भाजपा की विचार गोष्ठी संपन्न, एसआईआर को लेकर विपक्ष पर नेताओं ने साधा निशाना
सीधी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्थानीय मानस भवन में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ विषय पर प्रबुद्ध जन विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने की। इस दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विपक्ष पर विधायक रीती पाठक का तीखा हमला
मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती रीती पाठक ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता जीवी समूचा विपक्ष विघटनकारी, अलगाववादी और राष्ट्रविरोधी ताकतों के हाथों की कठपुतली बन चुका है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव में जीतने पर संविधान, लोकतंत्र और निर्वाचन आयोग को सही बताता है, लेकिन हारने पर इन्हीं संस्थाओं पर सवाल उठाने लगता है। उन्होंने प्रबुद्धजनों से विपक्ष की कथित साजिशों और मंशा को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
एसआईआर को बहाना बनाकर भ्रम फैला रहा विपक्ष : सांसद डॉ. मिश्रा
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि एसआईआर और निर्वाचन आयोग को लेकर विपक्ष द्वारा सवाल उठाना उसकी राजनीतिक मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल घुसपैठ, अलगाववाद और तुष्टीकरण को बढ़ावा देने वाली ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां विपक्षी दल चुनाव जीतते हैं, वहां निर्वाचन आयोग और एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठते, लेकिन दूसरे राज्यों में हार के बाद संस्थाओं को निशाना बनाया जाता है।
भारत लोकतंत्र की जननी : नरेंद्र त्रिपाठी
भाजपा जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और यहां के नागरिकों में लोकतांत्रिक मूल्यों की गहरी समझ है। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व में भी लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयास किए गए थे। उन्होंने बुद्धिजीवियों से विपक्ष की कथित साजिशों का पर्दाफाश करने का आह्वान किया।
2047 तक भारत बनेगा विश्व गुरु : देव कुमार सिंह चौहान
भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विश्व गुरु और विश्व की महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर निर्वाचन आयोग की सतत प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से मतदाता सूची का शुद्धिकरण किया जाता है। विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहा है।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
विचार गोष्ठी को पूर्व जिला अध्यक्ष केके तिवारी, इंद्रशरण सिंह चौहान, लालचंद्र गुप्ता, अधिवक्ता शत्रुघ्न तिवारी, अधिवक्ता सुखेंद्र द्विवेदी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह मुन्नू एवं कार्यक्रम संयोजक विश्वबंधु धर द्विवेदी ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन पुष्पराज सिंह चौहान ने किया तथा आभार प्रदर्शन बाबूलाल कुशवाहा ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शिवदान साकेत, मनीला सिंह चौहान, जिला महामंत्री अनिल पाण्डेय, लोरिक प्रसाद यादव, जिला मंत्री उमाशंकर यादव, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।