खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 300 किलो खोया नष्ट कराया

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को जिले में अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों और खाद्य पदार्थों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 विनीत कुमार के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विवेक वर्मा, सौरभ सोनी, अजीत सिंह, मानवेन्द्र कुमार और राकेश कुमार की टीम ने कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
टीम ने अंजनी स्वीट्स, शुभम स्वीट्स, आर्य स्वीट हाउस, ओम स्वीट हाउस, ओम स्वीट कॉर्नर, आकाश स्वीट हाउस, राधा कृष्णा भंडार सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। साथ ही दुकानदारों को खाद्य पदार्थों में रंगों का निर्धारित मात्रा में ही प्रयोग करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा खाद्य टीम ने बरेली मोड़ चौराहे के पास गढ़िया रंगीन से आ रहे वाहन संख्या UP25ET4372 को रोककर जांच की। वाहन में बरेली खोया मंडी से लाया जा रहा खोया पाया गया। जांच में खोया खराब गुणवत्ता का मिला। टीम ने मौके पर मौजूद लगभग 300 किलो खोया नष्ट करा दिया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 78 हजार रुपये बताई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि खोये के चार नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।