बड़े संसाधनों से ही संभव है क्षेत्र का विकास, रेवांचल सहित सभी ट्रेनें सीधी तक आएं : इंद्रलाल पटेल
मेमू ट्रेन के आगमन का छात्र संगठन ने किया स्वागत, विश्वविद्यालय सहित बड़े संस्थानों की स्थापना की उठाई मांग

सीधी। पन्ना जिले के देवेंद्रनगर से चुरहट तक मेमू ट्रेन के आगमन पर छात्र संगठन की ओर से इंद्रलाल पटेल ने स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का वास्तविक विकास बड़े संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ही संभव है।
इंद्रलाल पटेल ने कहा कि रेलवे, विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों, पर्यटन स्थलों और उद्योगों की स्थापना से क्षेत्र में विकास के नए अवसर पैदा होते हैं। इन संसाधनों के माध्यम से न केवल आवागमन की सुविधाएं बेहतर होती हैं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलता है।
ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन पर सभी ट्रेनों का हो विस्तार
इंद्रलाल पटेल ने कहा कि मेमू ट्रेन के साथ-साथ रीवा तक आने वाली रेवांचल एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का भी ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन पर निर्माण कार्य पूरा होने के साथ चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जाना चाहिए। रेल लाइन जहां तक बनकर तैयार होती जाए, वहां तक ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को रेल यात्रा का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि रेल सुविधा का विस्तार क्षेत्रवासियों के लिए उत्साह और उम्मीद का विषय है। आज भी क्षेत्र में ऐसे बुजुर्ग पुरुष और महिलाएं हैं, जिन्होंने न तो कभी ट्रेन देखी है और न ही उसमें यात्रा की है। ऐसे में रेल सेवा का विस्तार उनके लिए भी एक नया अनुभव होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास के नए रास्ते खोलेगा।
विश्वविद्यालय स्थापना के लिए संघर्षरत है इंद्रलाल की टीम
इंद्रलाल पटेल और उनकी टीम सीधी जिले में विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर लगातार संघर्षरत है। उनका मानना है कि जिले में विश्वविद्यालय स्थापित होने से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ शिक्षा, उद्योग और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना की दिशा में भी ठोस पहल होगी। बड़े संसाधनों का विकास ही सीधी जिले को प्रगति के नए आयामों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।