पीएम जनमन योजना के अधूरे आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण जल्द पूरा करें: जिला पंचायत सीईओ
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर, कमियां दूर होने के बाद ही भवनों का होगा हस्तांतरण

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
डिंडौरी, 24 अक्टूबर 2026। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत जिले में निर्माणाधीन एवं अधूरे आंगनवाड़ी भवनों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी ने दिए हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ श्री चौधरी ने कहा कि आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण में गुणवत्ता संबंधी कमियों को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भवनों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक कमियों को दूर कराया जाए। इंजीनियरिंग विभाग द्वारा गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आवश्यक सुधार कार्य पूरे होने के बाद ही संबंधित विभाग को भवन हस्तांतरित किए जाएं। इसका उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।