ग्राम झांकी में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित ।
जिला समन्वयक श्री धर्मेन्द्र चौहान ने जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का किया आह्वान।

रिपोर्टर सोहन श्याम
समनापुर- 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड समनापुर के तत्वावधान में नावांकुर योजना अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण ग्राम झांकी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों एवं नावांकुर सखियों की कार्यक्षमता बढ़ाना तथा ग्रामीण विकास कार्यों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री धर्मेन्द्र चौहान एवं विकासखंड समन्वयक श्रीमती मंजूलता राव , वार्ड पंच संतोष कुमार यादव, सुमेर सिंह धुर्वे , ग्रीसदास , पतिराम तिलगाम उपस्थित रहे। साथ ही नावांकुर संस्था प्रभारी श्री वेदप्रकाश यादव, मेंटर /स्रोत व्यक्ति श्री दिलीप बर्मन एवं श्रीमती शिशु बड़गैंया सहित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य और नावांकुर सखियां मौजूद रहीं।
जिला समन्वयक श्री धर्मेन्द्र चौहान ने अपने संबोधन में जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल ही जीवन का आधार है। वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों का संरक्षण, तालाबों एवं कुओं की साफ-सफाई तथा भूजल स्तर बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियां एवं नावांकुर सखियां ग्रामीणों को जागरूक कर जल संरक्षण के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। प्रत्येक गांव में जल बचाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की भूमिका, सामाजिक सहभागिता तथा ग्रामीण विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के विषय में चर्चा की गई। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही गांवों का समग्र विकास संभव है। प्रस्फुटन समितियों एवं नावांकुर सखियों की सक्रिय सहभागिता से जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे कार्यों को नई दिशा मिल सकती है।
इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों एवं नावांकुर सखियों की सहभागिता रही।