जनविश्वास शिविर में सांसद-विधायक ने सुनीं समस्याएं, कलेक्टर ने निरीक्षण में पकड़ी लापरवाही

0 225

पाकर बर्घरा में ग्रामीणों को मिला योजनाओं की जानकारी और समस्याओं के निराकरण का अवसर, आवेदन समय-सीमा में निपटाने के निर्देश

 

आंगनवाड़ी में 41 दर्ज बच्चों में एक भी नहीं मिला उपस्थित, पंचायत भवन निर्माण में अनियमितता पर सचिव के निलंबन और सरपंच से राशि वसूली की कार्यवाही के निर्देश

 

सवामित्व योजना में डिंडौरी की बड़ी उपलब्धि, 5,807 हितग्राहियों को मिला लाभः कलेक्टर

 

डिंडौरी, 23 अक्टूबर 2026

 

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को विकासखंड डिंडौरी की ग्राम पंचायत पाकर बर्घरा में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मंडला सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे एवं कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी श्री अशोक कुमार सोलंकी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आंगनवाड़ी केंद्र में 41 दर्ज बच्चों में एक भी उपस्थित नहीं, कार्यकर्ता-सहायिका पर कार्यवाही के निर्देश

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र नरिया सेंटर, नूनखान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में दर्ज 41 बच्चों में से एक भी बच्चा उपस्थित नहीं मिला। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता केंद्र में उपस्थित थीं, जबकि सहायिका के संबंध में बताया गया कि वह पिछले 15 दिनों से केंद्र नहीं आ रही थीं। कलेक्टर ने बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित नहीं होने और सहायिका की लगातार अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यकर्ता एवं सहायिका के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत नरिया में पंचायत भवन निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पंचायत भवन निर्माण में अनियमितता पर सख्ती, सचिव के निलंबन और सरपंच से राशि वसूली के निर्देश

कलेक्टर ने ग्राम गणेशपुर में नवनिर्मित पंचायत भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य से संबंधित लगभग 40 लाख रुपये की राशि सरपंच एवं सचिव द्वारा निकाले जाने के बावजूद कार्य में अनियमितता का मामला सामने आया। कलेक्टर ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सचिव श्री भागवत प्रसाद यादव के निलंबन की कार्यवाही करने तथा सरपंच श्री अमर सिंह पट्टा से राशि की वसूली एवं नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने ग्राम पंचायत पाकर बर्घरा में निर्माणाधीन पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों का अवलोकन, ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी

जनविश्वास शिविर स्थल पर महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों तथा विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं से उत्पादों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने, महिलाओं के स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में से अधिकांश का मौके पर निराकरण किया गया तथा शेष आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जनविश्वास शिविर जनसुनवाई का माध्यम, पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभः सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते

मंडला सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एकजुट होकर शिविरों में उपस्थित रहें और आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनविश्वास शिविर जनसुनवाई की तरह है, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना, आमजन को योजनाओं की जानकारी देना तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई कर नागरिकों को राहत प्रदान करने का आह्वान किया।

ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, गांव में ही मिले सेवाएं: विधायक ओमप्रकाश धुर्वे

शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से गांवों में शिविर आयोजित कर योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही जानकारी के अभाव में शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

आवेदनों के निराकरण में देरी बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा का पालन करें अधिकारीः कलेक्टर

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करना और पात्र नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराना है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविरों में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने तथा पात्रतानुसार आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने ली नशामुक्ति की शपथ

शिविर के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प कराया गया।

स्वामित्व योजना से जिले के 5,807 हितग्राही लाभान्वित

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में स्वामित्व योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के तहत अब तक जिले के 5,807 हितग्राही लाभान्वित हो चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वामित्व योजना से संबंधित कार्यवाही के साथ-साथ पटवारियों द्वारा ई-केवाईसी एवं फार्मर आईडी बनाने का कार्य भी किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने तथा राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में संबंधित विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया तथा पात्रतानुसार लाभ उपलब्ध कराया गया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment