रेलवे कॉलोनी की बदहाली पर एनआरएमयू का प्रदर्शन, एक सप्ताह में सुधार का आश्वासन

0 108

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। रेलवे कॉलोनी की बदहाल स्थिति को लेकर एनआरएमयू की शाहजहांपुर शाखा ने शनिवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर एक स्थित आईओडब्ल्यू (IOW) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। शाखा सचिव शिवकुमार सक्सेना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी सुबह सात बजे कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए आईओडब्ल्यू ओपी शर्मा का घेराव किया।

 

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कॉलोनी के आवासों की खराब हालत और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई। यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि रेलवे कॉलोनी के कई आवासों के फर्श टूटे हुए हैं। रसोई और बाथरूम में टाइल्स नहीं हैं। पानी की टंकियों की कमी है। कॉलोनी में जगह-जगह घास उगी हुई है और जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा बाउंड्रीवाल और पाथवे टूटे हैं, जबकि आवासों का प्लास्टर भी उखड़ रहा है। इससे रेल कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

एनआरएमयू के सहायक मंडल मंत्री नरेंद्र त्यागी ने कहा कि कर्मचारियों की ओर से लगातार शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा था। इसी के विरोध में यूनियन को प्रदर्शन करना पड़ा।

 

प्रदर्शन के बाद आईओडब्ल्यू ओपी शर्मा ने यूनियन पदाधिकारियों से वार्ता की और सभी समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर समाधान कराने का लिखित आश्वासन दिया।

 

शाखा सचिव शिवकुमार सक्सेना ने कहा कि इन समस्याओं से उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो यूनियन दोबारा बड़ा आंदोलन करेगी।

 

इस दौरान यतेंद्र त्रिवेदी, जितेंद्र, सर्वेश, महेश पाल, संजय यादव, आनंद, गुलफाम, वीरपाल, सलीम शहजादा, सैनी, रवि, चंदा और विकास सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment