कलान में संपूर्ण समाधान दिवस, 42 शिकायतों में से 4 का मौके पर निस्तारण

भूमि संबंधी शिकायतों पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश
मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। कलान तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने लोगों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों को शिकायतों का समय से और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में दीपचंद ने खतौनी में नाम गलत दर्ज होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संशोधन कराकर उन्हें सही खतौनी उपलब्ध कराई। वहीं, रियाजुद्दीन ने मत्स्य पालन के लिए आवंटित पट्टे की जमीन पर फसल उगाए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और जरूरत पड़ने पर पट्टा निरस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही रियाजुद्दीन को आवंटित सभी पट्टों की जांच कराने को भी कहा।
समाधान दिवस में अलग-अलग विभागों से कुल 42 शिकायतें मिलीं। इनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर तय समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध कब्जे, चकमार्ग और जमीन से जुड़े मामलों में राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने अधिकारियों को जरूरत पड़ने पर खुद मौके पर जाकर शिकायतों की वास्तविक स्थिति देखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, डीसी मनरेगा यशोवर्धन सिंह, एसडीएम कलान आशुतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।