कोल्हूडीह चोरी कांड का वांछित आरोपी अलीराजपुर जेल से गिरफ्तार

0 2,155

प्रोडक्शन वारंट पर कमर्जी पुलिस लाई आरोपी गणेश उर्फ गणेशिया, चोरी की नगदी बरामद

सीधी। 06 अक्टूबर 2026। थाना कमर्जी पुलिस ने कोल्हूडीह में हुई चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी गणेश उर्फ गणेशिया उर्फ गन सिंह को अलीराजपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के हिस्से की नगदी भी जप्त की है।

पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2026 को ग्राम कोल्हूडीह निवासी रोशन सिंह चौहान ने थाना कमर्जी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके पैतृक मकान का दरवाजा तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं 23 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज में 23 फरवरी की देर रात अर्टिगा कार से आए बदमाश घटना को अंजाम देते दिखाई दिए थे।

मामले में थाना कमर्जी में अपराध क्रमांक 72/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) BNS में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार क्रमांक MP 13 AF 4720 और धार जिले के चोरी गिरोह की पहचान की।

प्रकरण में पुलिस पूर्व में दिनेश मण्डलोई, अदन अलावा, अरल पारधी एवं परम सिंह को गिरफ्तार कर चोरी का माल तथा घटना में प्रयुक्त वाहन जप्त कर चुकी है।

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि फरार आरोपी गणेश उर्फ गणेशिया उर्फ गन सिंह पिता मंगू सिंह, निवासी कांठी, थाना टांडा, जिला धार अलीराजपुर जेल में निरुद्ध है। इसके बाद माननीय न्यायालय चुरहट से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर कमर्जी पुलिस टीम आरोपी को अलीराजपुर जेल से लेकर आई और 1 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी के हिस्से की नगदी जप्त की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने पर उसे जिला जेल सीधी में निरुद्ध कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में फरार अन्य सह-आरोपियों एवं चोरी के माल के खरीदारों के संबंध में धारा 193(9) BNSS के तहत विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी कमर्जी उनि. सुधाकर सिंह परिहार, सउनि. केशरी पाण्डेय, सउनि. गोविन्दलाल साकेत, प्र.आर. दयानन्द रावत, आर. अनिल सिंह, आर. धीरशाह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment