केंद्रीय विद्यालय एसईसीएल जमुना कॉलरी में हुआ पुस्तक मेले का आयोजन

रिपोर्ट-राकेश शर्मा
जमुना कॉलरी-केंद्रीय विद्यालय एसईसीएल जमुना कॉलरी के पुस्तकालय में दिनांक 6 अक्टूबर 2026 को विद्यार्थियों में पठन संस्कृति एवं पुस्तकों के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से पुस्तक मेले का आयोजन किया गया।पुस्तक मेले का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार के मार्गदर्शन में किया गया।
मेले में विद्यार्थियों के लिए कहानी, सामान्य ज्ञान, विज्ञान, साहित्य, जीवनी, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं बाल साहित्य सहित विभिन्न विषयों की ज्ञानवर्धक एवं रोचक पुस्तकें प्रदर्शित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पुस्तक मेले का अवलोकन किया तथा अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकों का चयन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को पुस्तकों के महत्व एवं नियमित पठन के लाभों से अवगत कराया गया। पुस्तक मेले ने विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत, जिज्ञासा, कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता एवं ज्ञानार्जन की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष सोनू कुमार ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पुस्तकें पढ़ने तथा पुस्तकों को अपना सच्चा मित्र बनाने के लिए प्रेरित किया। पुस्तक मेला विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, आनंद और सीखने का एक प्रेरणादायक अवसर रहा।