जलती चिता पर मांस पकाने का आरोप, एक गिरफ्तार

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। पुवायां थाना क्षेत्र के नत्थापुर गांव में जलती चिता पर कथित रूप से मांस पकाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि उसके दो साथी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार वीरपाल के पिता का अंतिम संस्कार गांव के बाहर स्थित श्मशान घाट में किया गया था। रविवार शाम वीरपाल वहां पहुंचा तो उसने तीन लोगों को कथित तौर पर जलती चिता पर बर्तन रखकर मांस पकाते देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुरेंद्र नामक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी भाग निकले।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तीनों वहां शराब पी रहे थे और चिता की आग जलती देखकर उसी पर मांस पकाने लगे। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।