मनरेगा मेटों की मांगों को लेकर सीईओ को सौंपा ज्ञापन, लंबित मजदूरी भुगतान की उठाई मांग

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
शहपुरा/डिंडौरी। ग्राम पंचायत मनरेगा मेट संगठन मध्यप्रदेश के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मनरेगा मेटों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर जनपद पंचायत शहपुरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन प्रदेश अध्यक्ष संजय झारिया के नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन में संगठन ने बताया कि बीवी-जी राम जी (BV-G RAM G) योजना के तहत मनरेगा मेट कार्यस्थल पर मजदूरों के साथ रहकर कार्य की निगरानी करते हैं तथा एमएमएमएस (मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम) के माध्यम से मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद मेटों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने मांग की है कि कार्यरत मनरेगा मेटों को योजना के तहत नियमित करते हुए मासिक मानदेय निर्धारित किया जाए। साथ ही कार्यरत मेटों को बिना कारण हटाने पर रोक लगाई जाए तथा नए मेटों का पंजीयन मनरेगा पोर्टल पर नहीं किया जाए।
इसके अलावा वर्तमान में कार्यरत मनरेगा मेटों को बीवी-जी राम जी (BV-G RAM G) योजना में कर्मचारी का दर्जा देने और वर्ष 2025-26 की लंबित मजदूरी का शीघ्र भुगतान कराने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से की गई।
संगठन ने अधिकारियों से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर मनरेगा मेटों की समस्याओं का निराकरण करने की मांग की है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय झारिया, ब्लॉक अध्यक्ष हर प्रसाद उरैति, उपाध्यक्ष मनोज कुमार यादव, , सचिव रूकमंगल, कोषाध्यक्ष कुंती बाई मार्को, मीडिया प्रभारी अंजू लता सहित शहपुरा क्षेत्र के मनरेगा मेट संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।