अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, डम्पर जब्त

0 490

गिट्टी का अनाधिकृत परिवहन करते पकड़ा गया MP 53 ZB 0102 वाहन, कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा में सुपुर्द

सीधी, 18 सितम्बर 2026। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी की जा रही है।

इसी क्रम में शुक्रवार को खनिज विभाग के दल द्वारा गोपदबनास तहसील अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में जांच भ्रमण किया गया। जांच के दौरान खनिज गिट्टी का अनाधिकृत परिवहन करते पाए जाने पर डम्पर वाहन क्रमांक एमपी 53 जेडबी 0102 को सीधी स्थित पुराने टैक्सी स्टैंड के सामने जब्त किया गया।

जब्त वाहन को नियमानुसार सुरक्षार्थ थाना प्रभारी, पुलिस थाना कोतवाली की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया है। संबंधित वाहन चालक एवं स्वामी के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। अनाधिकृत रूप से खनिजों के उत्खनन एवं परिवहन में आदतन संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment