आकांक्षी विकासखंड बजाग के ग्राम पंचायत बोंदर में जनकल्याण शिविर आयोजित

गांव की चौपाल तक पहुंचा शासन एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न विभागों की सेवाएं, 300 से अधिक हितग्राही लाभान्वित
आकांक्षी बजाग में जनकल्याण की पहल, बोंदर शिविर में मौके पर हुआ समस्याओं का निराकरण
जनविश्वास अभियान में 353 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, 102 को मिले चश्मे
रिपोर्टर -सोहन श्याम
बजाग-नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद पंचायत बजाग की ग्राम पंचायत बोंदर में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करना रहा। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, शिक्षा, खाद्य एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर के पूर्व संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनका निराकरण किया। इसके पश्चात अधिकारी शिविर में शामिल हुए। शिविर में आयुष्मान भारत कार्ड, राशन पर्ची में नाम जोड़ने, पेंशन स्वीकृति, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र, लाड़ली बहना योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न योजनाओं के स्टॉल लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 120 से अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर एक्स-रे, बीपी एवं शुगर की जांच, टीकाकरण तथा दवा वितरण किया गया। रक्तदान शिविर में युवा-युवतियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की जांच कर पोषण आहार वितरित किया गया।
राजस्व विभाग द्वारा शिविर में मौके पर ही 35 से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया गया। स्वामित्व योजना के तहत पात्र हितग्राहियों की निःशुल्क रजिस्ट्री भी कराई गई। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय भूमि पर निर्मित मकानों के पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के माध्यम से मालिकाना हक दिलाया जा रहा है। निःशुल्क रजिस्ट्री के माध्यम से हितग्राहियों को उनकी संपत्ति का अधिकार प्राप्त होगा, जिसका वे आवश्यकतानुसार व्यवसायिक उपयोग भी कर सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें तथा अधिकारी नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करें।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वामित्व योजना के माध्यम से शासकीय भूमि पर आवास बनाकर निवास कर रहे ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक दिलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में सरपंच, सचिव एवं जनपद सदस्य ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से समय एवं धन दोनों की बचत हुई। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को स्वच्छता, शिक्षा एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। जनकल्याण शिविर में लगभग 300 से अधिक हितग्राही लाभान्वित हुए। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत बोंदर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत विकासखंड बजाग के ग्राम पंचायत बोंदर में स्वास्थ्य शिविर में कुल 353 हितग्राहियों का पंजीयन कर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में 170 हितग्राहियों की ब्लड प्रेशर एवं 170 की ब्लड शुगर जांच, 25 की एनीमिया तथा 28 की सिकल सेल जांच की गई। गर्भवती महिलाओं की जांच के अंतर्गत प्रथम तिमाही की 3, द्वितीय की 2 एवं तृतीय तिमाही की 1 महिला का परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त 87 हितग्राहियों की विभिन्न रक्त जांच, 91 की यूरिन जांच एवं 91 की एक्स-रे जांच की गई। शिविर में 102 हितग्राहियों को चश्मे वितरित किए गए, वहीं 5 हितग्राहियों को फूड बास्केट प्रदान किए गए। आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत पीवीटीजी के 2, बीओसीडब्ल्यू के 1 तथा अन्य श्रेणी के 10 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। जनसंवाद के दौरान सीएम हेल्पलाइन से संबंधित 100 दिवस से अधिक लंबित 2 शिकायतों सहित सितंबर माह की 5 शिकायतों का निराकरण किया गया। दिव्यांगता संबंधी 3 रोगियों को चिन्हित कर 5 हितग्राहियों को उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, डीएफओ श्री अशोक सोलंकी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे, श्रीमती हीरा रूद्रेश परस्ते, रेडक्रॉस समिति अध्यक्ष श्री नरेन्द्र राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।