सेवा संकल्प अभियान से 3 वर्षीय यशस्वी को मिली मदद, मौके पर मिला 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण-पत्र

0 25

 

रिपोर्टर -सोहन श्याम

 

बजाग- सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में आकांक्षी विकासखंड बजाग की ग्राम पंचायत बोदर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

 

शिविर के दौरान ग्राम बोदर निवासी 3 वर्षीय यशस्वी धुर्वे, माता फूलवती धुर्वे का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान यशस्वी का शारीरिक विकास अपेक्षानुसार नहीं पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय जांच एवं प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद यशस्वी को 40 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र तत्काल प्रदान किया गया।

 

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यशस्वी को आगे की आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए जिला अस्पताल डिंडौरी रेफर किया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे बच्चों एवं ग्रामीणों को चिन्हित कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पात्रतानुसार शासकीय सुविधाओं से जोड़ने की कार्यवाही की जा रही है।

 

सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की सेवाओं और योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान एवं आवश्यक सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़े। ग्राम बोदर में यशस्वी को मौके पर दिव्यांगता प्रमाण-पत्र मिलने से अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच रही सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ सामने आया है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment