सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री ने की बैठक

0 56

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। सेवा संकल्प अभियान-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को विकास भवन सभागार में प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में बैठक हुई। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।

 

बैठक में प्रभारी मंत्री ने अभियान के तहत होने वाले सेवा, जनकल्याण, जागरूकता और जनभागीदारी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से कराने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

अभियान के तहत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर विभिन्न सेवा कार्यक्रम होंगे। विश्वकर्मा जयंती पर पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूल किट वितरित की जाएंगी। रक्तदान शिविर, दीप प्रज्वलन और लाभार्थियों के घरों व वार्डों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने के कार्यक्रम होंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 1,001 दीये जलाए जाएंगे।

 

विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ और ‘विकसित भारत’ विषय पर ड्रॉइंग व भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। 2 अक्टूबर को नुक्कड़ नाटक और ऑडियो प्ले होंगे। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम, कार्यकत्रियों व आशा बहनों का सम्मान तथा हेल्दी बेबी प्रतियोगिता आयोजित होगी।

 

अभियान में लाभार्थियों की सफलता की कहानियां ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से वीडियो और रील के जरिए लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा हेतु अभियान’ और ‘सरकार आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम भी होंगे। 7 अक्टूबर को 108 मीटर लंबी रंगोली, लेजर शो और चौपालों का आयोजन किया जाएगा।

 

इसके अलावा ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के लिए खिरनी बाग चौराहे का चयन किया गया है। यहां सेवा ज्योति की स्थापना के साथ पैदल, साइकिल और मोटरसाइकिल यात्रा भी निकाली जाएगी।

 

बैठक में जलालाबाद विधायक हरि प्रकाश वर्मा, कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित समेत जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद की नदियों का जलस्तर लगातार घट रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment