बलकार की चपेट में आने से भीषण सड़क हादसा, तीन युवक घायल

शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय ने घायलों को अपनी कार से पहुंचाया जिला अस्पताल
सीधी/टिकरी। बरम बाबा पावर हाउस के सामने संकरे टिकरी मार्ग पर बलकार वाहन की वजह से भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में ग्राम तरका, बहरी निवासी नीरज साकेत, दीपू साकेत और राहुल साकेत घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवक अपनी बहन के घर टिकरी जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संकरे मार्ग से बलकार वाहन के सटकर निकलने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और दूसरी ओर से आ रहे बाइक चालक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय की नजर सड़क पर घायल अवस्था में पड़े युवकों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपनी यात्रा रोककर वापस लौटते हुए घायलों की मदद की और बिना समय गंवाए अपनी कार से तीनों घायलों को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि राहुल साकेत को गंभीर चोटें आई हैं और वह अभी भी बेहोशी की हालत में है। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
इस दौरान शिवसेना जिला महामंत्री सुनील रावत भी मौके पर मौजूद रहे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने संकरे मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।