मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत डिंडौरी के श्रद्धालु करेंगे अयोध्या-काशी की यात्रा 

0 43

15 सितंबर तक लिए जाएंगे आवेदन, जिले को आवंटित हुई 196 बर्थ/सीट

 

 

रिपोर्टर -सोहन श्याम

 

डिंडौरी-मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत डिंडौरी जिले के 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे नागरिक, जो आयकरदाता नहीं हैं, अयोध्या-काशी (वाराणसी) की तीर्थ यात्रा कर सकेंगे। जिले के श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा 22 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 तक कुल 6 दिवस की होगी। यात्रा के लिए डिंडौरी जिले को 196 बर्थ/सीट आवंटित की गई हैं।

यात्रा के लिए इच्छुक पात्र आवेदकों से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित नियम एवं निर्देशों के अनुरूप आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। आवेदन के साथ आधार कार्ड एवं समग्र आईडी की छायाप्रति प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। प्राप्त आवेदनों की जानकारी धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा विकसित पोर्टल dpms.mp.gov.in पर निर्धारित कॉलम के अनुसार ऑनलाइन दर्ज की जाएगी तथा चयनित हितग्राहियों की सूची आईआरसीटीसी भोपाल को उपलब्ध कराई जाएगी।

यात्रा के लिए नगर परिषद डिंडौरी एवं नगर परिषद शहपुरा से 25-25 आवेदन, जबकि जनपद पंचायत डिंडौरी, अमरपुर, समनापुर, बजाग, करंजिया, शहपुरा एवं मेंहदवानी से 50-50 आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। पात्र श्रद्धालुओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने की अपील की गई है।

यात्रा प्रारंभ करने के लिए यात्रियों को बोर्डिंग स्टेशन जबलपुर तक स्वयं पहुंचना होगा। यात्रियों को मौसम के अनुरूप व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री, जैसे चादर एवं कंबल आदि साथ रखने की सलाह दी गई है। यदि कोई यात्री किसी विशिष्ट सुविधा का लाभ लेना चाहता है, तो उसका व्यय स्वयं वहन करना होगा। यात्रा के दौरान प्रत्येक यात्री को अपना मूल आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी अनिवार्य रूप से साथ रखना होगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment