राजस्व कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर का एक्शन, 9 कर्मचारियों की वेतनवृद्धि रोकी

0 92

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

डिंडौरी, 27 अगस्त 2026। राजस्व कार्यों में लापरवाही और लंबित प्रकरणों के निराकरण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर ने 9 राजस्व अधिकारी-कर्मचारियों की एक वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए हैं।

 

दरअसल, 17 जुलाई 2026 को आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में ई-रजिस्ट्रेशन, आधार आरओआर, सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई थी। समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर उन्हें लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने और निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए गए थे।

 

इसके बाद 22 जुलाई को संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1965 के नियम-10 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।

 

कार्रवाई की जद में राजस्व निरीक्षक राजेन्द्र मरकाम, हेमंत उईके, संजय मरकाम, सुखदेव सिंह भवेदी, बलसिंह बल्को, तीरथ प्रसाद संत तथा पटवारी संजय परस्ते, शैलेन्द्र मार्को और विजय नेताम शामिल हैं।

 

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता अथवा निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment