सीधी में ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, सड़क पर चक्काजाम

रामपुर नैकिन के रायखोर गांव में हादसा, सामान लेकर घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर; चालक फरार
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के ग्राम रायखोर में गुरुवार शाम करीब 4 बजे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
सामान लेकर लौट रही थी महिला
जानकारी के अनुसार ग्राम रायखोर निवासी सुनीता साहू, पति दिनेश साहू, दुकान से सामान लेकर वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान सीधी की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान
हादसे के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. आदर्श मिश्रा ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते महिला को बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चालक ट्रक छोड़कर फरार
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण सड़क पर एकत्रित हो गए और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग पर करीब आधे घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद खुला मार्ग
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी तथा तहसीलदार आशीष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे को लेकर पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।